टोल नाके से आधा दर्जन कर्मचारियों को हटाया, ऑफिस पर लगे निर्माण सामग्री बोर्ड को पुतवाया

सिरोही माउंट आबू टोल नाके पर कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते लंबे समय से चल रहे भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर पत्रिका में गुरुवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित करने के बाद नगर पालिका आयुक्त शिवपाल सिंह राजपुरोहित ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाके पर लगे आधा दर्शन सफाई कर्मियों को तुरंत प्रभाव के साथ हटाते हुए उन्हें अपने मूल पदों पर भेज दिया है। साथ ही नाका प्रभारी की कार्यशैली व शहर में अलग-अलग स्थानों पर पड़े बजरी के ढेर को लेकर एस आई प्रवीण सिंह राजपुरोहित व श्याम जनवा को जांच के आदेश दिए। उसके बाद गुरुवार को एस आई प्रवीण राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने माच गांव सहित कई स्थानों पर लगे बजरी के ढेरों की जांच करते हुए ठेकेदारों व अन्य लोगों से टोकन मंगवा कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। साथ ही मुख्य बाजार में ठेकेदार के ऑफिस पर लगे निर्माण सामग्री उपलब्ध होने के बोर्ड पर कलर कर पुतवाया गया।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों राज्य सरकार के स्वायत्त शासन विभाग में लगे कर्मचारियों को अपने मूल पदों पर भेजने के डीएलबी ने आदेश जारी किए थे। बावजूद इसके तत्कालीन आयुक्त द्वारा करीब आधा दर्जन सफाई कर्मियों को टोल नाके पर तैनात कर रखा था। जिससे नाके से अवैध निर्माण सामग्री का बड़ा खेल चल रहा था। हालांकि अभी भी नाके पर सख्ती बरतने की जरूरत है। क्योंकि नाका प्रभारी सहित कई कर्मचारियों की गतिविधियों के चलते आज भी अवैध निर्माण सामग्री का परिवहन जारी है।

टोकन की आड़ में चल रहा है अवैध कारोबार
हिल स्टेशन पर चल रहे सरकारी कार्यों व लोगों के मकान मरम्मत के लिए मिल रहे टोकन की आड़ में ठेकेदार अवैध कारोबार चला रहे है। चाचा म्यूजियम के सामने व अशोक वाटिका सहित कई स्थानों पर चल रहे सरकारी निर्माण कार्यों से भी अवैध निर्माण सामग्री का परिवहन हो रहा है। ठेकेदारों द्वारा ज्यादा निर्माण सामग्री हासिल करने के लिए कर्मचारियों व पालिका जेईएन की मिलीभगत से ज्यादा टोकन प्राप्त कर निर्माण सामग्री लाते है। ऐसे में अन्य सामग्री को ब्लैक में बेच देते हैं। जिससे गरीब और आम नागरिक को 15 से 18 हजार रुपए प्रति ट्राॅली से बजरी खरीदनी पड़ रही है। इतना ही नहीं नाके पर रात्री में ठेकेदार कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते बिना टोकन या एक ही टोकन से दो-दो बार डंपर या ट्रैक्टर ट्राॅली को निकाल देते हैं।

– नाके पर लगे आधा दर्जन सफाई कर्मियों को हटा दिया गया है। अवैध निर्माण सामग्री व ठेकेदार के ऑफिस पर लगे बोर्ड सहित कई मामलों को लेकर एस आई को जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी।
शिवपाल सिंह राजपुरोहित आयुक्त, नगर पालिका, माउंट आबू

जांच के आदेश दिए है। ठेकेदार के ऑफिस के ऊपर निर्माण सामग्री के लगे बोर्ड को कलर से पुतवा दिया है। जगह-जगह लगे बजरी के ढेर को लेकर ठेकेदारों व अन्य लोगों को बुलाया जा रहा है व टोकन की जांच कर रहे हैं। पूरे मामले की जल्द रिपोर्ट आयुक्त को सौंपी जाएगी।

प्रवीण राजपुरोहित, एस आई व जांच अधिकारी,
नगर पालिका, माउंट आबू
नाके से आधा दर्जन कर्मचारियों को हटाने के लिए आयुक्त ने लिखित में आदेश जारी कर दिया है। सभी 6 कर्मचारियों को हमने नाके से हटा दिया है। अवैध निर्माण सामग्री के परिवहन को लेकर अब सख्ती बरती जाएगी।

पंकज माथुर
नाका प्रभारी – माउंट आबू



Source: Sirohi News