सिरोही जिले में दो दिग्गज हारे, तीन में से दो सीटों पर कमल ​खिला, एक पर जीती कांग्रेस, चहुंओर छाया उल्लास

सिरोही. विधानसभा चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद से चहुंओर उल्लास छाया हुआ है। चुनाव परिणाम ने इस बार कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। सिरोही जिले की तीनों विधानसभा सीटों में से दो सीटों सिरोही और पिण्डवाड़ा आबू में भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि एक सीट रेवदर में कांग्रेस ने बड़ा उलटफेर करते हुए कब्जा जमाया।

जिले की सिरोही विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी ओटाराम देवासी ने कांग्रेस के संयम लोढा को 35805 मतों से पराजित करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस सीट पर दो बार पूर्व में विधायक रहे भाजपा के ओटाराम ने पांच साल बाद फिर से वापसी की। इस चुनाव में भाजपा के ओटाराम को 1 लाख 14 हजार 729 मत मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के संयम लोढा को 78924 मत मिले।

जिले की दूसरी सीट पिण्डवाड़ा आबू में भाजपा के समाराम गरासिया ने कांग्रेस के लीलाराम गरासिया को 13094 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। समाराम भाजपा के टिकट से इस सीट पर लगातार तीसरी बार जीत हासिल कर विधायक बने हैं। भाजपा के समाराम को 70647 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के लीलाराम गरासिया को 57553 मत मिले।

इधर, जिले की तीसरी सीट रेवदर में कांग्रेस के मोतीराम ने भाजपा के गढ़ में सेंधमारी करते हुए 20 साल बाद जीत दर्ज कर इस सीट पर कब्जा जमाया। कांग्रेस के मोतीराम ने भाजपा से लगातार चार बार जीर्त दर्ज करते आ रहे जगसीराम कोली को 3565 मतों से मात देकर सभी को चौंका दिया। कांग्रेस के मोतीराम को 93120 मत मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के जगसीराम कोली को 89556 मत मिले।

हिन्दुत्व कार्ड से वोटों का हुआ ध्रुवीकरण, रचा इतिहास

सिरोही सीट पर इस बार हिन्दुत्व कार्ड चलने से वोटों का भाजपा के पक्ष में ध्रुवीकरण हुआ है। संघ व भाजपा कार्यकर्ता भी जी जान से जुटे, इसकी बदौलत भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री रहे ओटाराम देवासी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। ओटाराम इस सीट से तीसरी बार चुनाव जीत कर विधायक बने हैं। इससे पहले 2008 व 2013 में विधायक बन चुके हैं। 2015 में गोपालन मंत्री बने।

इस बार सिरोही सीट पर कुल 21 राउण्ड में मतगणना हुई, जिसमें लगभग अधिकांश राउण्ड में ओटाराम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी से आगे रहे और अंत में 35805 मत अधिक लेकर रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की। उनकी जीत के अंतर ने सभी चौंका दिया। चुनावी रण में लड़ रहे अन्य प्रत्याशियों को खास मत नहीं मिलने से भी प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी संयम लोढ़ा बढ़त नहीं बना सके। कांग्रेस ने विकास के नाम पर चुनाव लड़ाए लेकिन विकास को वोट नहीं मिल पाए। जिले की सबसे हॉट सीट होने से सभी की निगाहें इस पर टिकी हुई थी।

समाराम ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर रचा इतिहास

सिरोही जिले की पिण्डवाड़ा आबू सीट पर अब तक कोई भी प्रत्याशी लगातार तीसरी बार चुनाव नहीं जीता है, लेकिन भाजपा के समाराम गरासिया ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। भाजपा के समाराम ने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के लीलाराम गरासिया को 13094 मतों से पराजित कर चौथी बार विधायक बने हैं।

रेवदर में 20 साल बाद कांग्रेस की वापसी, मोतीराम जीते

इधर, जिले की तीसरी सीट रेवदर में कांग्रेस के मोतीराम ने भाजपा के गढ़ में किला फतेह करते हुए 20 साल बाद जीत दर्ज कर इस सीट पर कब्जा जमाया। यहां से पिछले 20 साल से लगातार भाजपा के जगसीराम जीत दर्ज करते आ रहे थे। रेवदर सीट पर कांग्रेस को 1998 के बाद से जीत नसीब नहीं हो सकी थी, लेकिन इस चुनाव में कांग्रेस के मोतीराम ने भाजपा के जगसीराम कोली को 3565 मतों से मात देकर सभी को चौंका दिया।

ये दिग्गज हारे

-मुख्यमंत्री के सलाहकार, कांग्रेस प्रत्याशी संयम लोढ़ा

-रेवदर से चार विधायक रहे भाजपा के जगसीराम कोली

जिले की तीनों विधानसभाओं पर एक नजर

सिरोही : भाजपा के ओटाराम 35805 मतों से जीते

– भाजपा के ओटाराम देवासी को मिले मत 114729

– निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस के संयम लोढ़ा को मिले मत 78924

– भाजपा के ओटाराम देवासी 35805 मतों से जीते

– सिरोही-शिवगंज विधानसभा में नोटा को 2339 मत मिले

पिण्डवाड़ा: भाजपा के समाराम 13094 वोट से जीते

– भाजपा के समाराम गरासिया को मिले मत 70647

– निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस से लीलाराम गरासिया को मिले मत—57553

– भाजपा के समाराम गरासिया 13094 मतों से जीते

– तीसरे नंबर पर रहे भारत आदिवासी पार्टी के मेघाराम गरासिया नेको मिले मत—- 23,894

रेवदर : कांग्रेस के मोतीराम 3564 वोट से जीते

– कांग्रेस के मोतीराम को मिले मत 93120

– निकटतम प्रतिद्धंदी भाजपा के जगसीराम को मिले मत 89556

– ऐसे में कांग्रेस के मोतीराम 3564 मतों से जीते

– रेवदर विधानसभा सीट में नोटा को 5178 मत मिले

जिले में चहुंओर दौड़ी खुशी की लहर, आतिशबाजी कर मनाया जश्न

सिरोही सहित तीनों सीटों के चुनाव परिणाम आते ही विजेता प्रत्याशियों, उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं सहित समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। सिरोही में ओटाराम देवासी की जीत से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में उल्लास छा गया। कार्यकर्ताओं ने ओटाराम को फूल मालाओं व रंग गुलाल से अभिनंदन किया और अहिंसा सर्किल पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने घंटों तक आतिशबाजी कर और डीजे पर नाच गाकर जश्र मनाया।

इधर, पिण्डवाड़ा आबू से भाजपा प्रत्याशी समाराम की जीत से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उनका फूल मालाओं व गुलाल से अभिनंदन कर जीत की खुशी मनाई। वहीं, रेवदर से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने भी उनका फूल मालाओं और गुलाल से स्वागत कर जीत का जश्न मनाया।



Source: Sirohi News