हर घर तिरंगा अभियान, डाक घरों में 25 रुपए में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की बिक्री शुरू

सिरोही. हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस पर घर -घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए डाक विभाग की ओर से पिछले साल की तरह से इस बार भी डाक घरों में तिरंगे की बिक्री शुरू कर दी गई है। डाक घरों में 25 रुपए में एक तिरंगा मिलेगा। सभी डाक घरों में तिरंगे की बिक्री शुक्रवार से शुरू कर दी गई। डाक अधीक्षक विनय कुमार खत्री ने बताया यह तिरंगा 20 इंच गुणा व 30 इंच साइज का होगा।

सिरोही जिले के 478 डाकघरों में तिरंगे झण्डे की बिक्री

सिरोही जिले के 478 डाकघरों में तिरंगे झण्डे की बिक्री की जाएगी। गत वर्ष आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रदेश के डाकघरों में 15 लाख तिरंगे झण्डे की बिक्री का लक्ष्य रखा गया था। इस बार भी 15 लाख का लक्ष्य प्रदेश को मिला है। डाक विभाग तिरंगे को घर बैठे भी उपलब्ध करवाएगा। ताकि डाकिये के माध्यम से तिरंगा झण्डा खरीदा जा सके।

ई -पोर्टल पर भी ऑर्डर

डाक विभाग के ई -पोर्टल पर ऑर्डर कर एक आदमी 5 तिरंगा मंगवा सकता है। विभाग शिपिंग फ्री तिरंगा उसके घर पहुंचाएगा।

पिछले साल देश में बिके थे 1.30 करोड से अधिक तिरंगे
डाक अधीक्षक खत्री ने बताया कि पिछले साल देश में 1.30 करोड से अधिक तिरंगे डाक घरों के माध्यम से बेचे गए थे। इसमें 19.50 लाख तिरंगों की बिक्री के साथ दिल्ली अव्वल रहा था। उत्तर प्रदेश 12.97 लाख तिरंगे की बिक्री के साथ दूसरे तथा 12.65 लाख तिरंगे की बिक्री के साथ राजस्थान तीसरे नंबर पर रहा था। तिरंगा झण्डा केन्द्र सरकार वस्त्र मंत्रालय से तैयार करवा रही है। इसकी आपूर्ति देश के 1.54 लाख डाकघरों के जरिए जनता में की जाएगी।

लोगों में जबरदस्त उत्साह
पिछले साल प्रधानमंत्री की ओर से हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की गई थी। इसके शुरू करते ही लोगों में गजब का उत्साह नजर आया। लोगों ने डाक घरों और खादी की दुकानों से बड़ी संख्या में तिरंगे खरीदे। बहुत से लोगों ने स्वयं खरीदकर लोगों को भी वितरित किए, जिससे स्वतंत्रता दिवस पर हर घर पर तिरंगा नजर आया। इस बार भी योजना को लेकर लोगों में खासकर युवाओं में उत्साह है।



Source: Sirohi News