सौम्य व्यवहार व ध्यान-योग से लोगों के मन मस्तिष्क पर अमिट छाप छोड़ गई राष्ट्रपति मुर्मू

President Draupadi Murmu’s two-day Mount Abu Dairaमाउंट आबू. पर्यटन स्थल मांउट आबू में राष्ट्रपति अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान अपनी आध्यात्मिक दिनचर्या की वजह से राष्ट्रपति प्रवास की ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, पुलिस व अन्य कार्मिकों के लिए न केवल एक प्रेरणास्रोत बनी, अपितु संबंधित लोगों के मन मस्तिष्क पर अपने कुशल व सौम्य व्यवहार, निर्माणचित्त, मिलनसारिता की वजह से अमित छाप छोड़ गई।

ऐसे हुई दिनचर्या की शुरुआत

महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की दिनचर्या अलसुबह ब्रह्ममुहूर्त में तीन बजे से आरम्भ हुई। उठते ही उन्होंने अपने आवास स्थल पीस कॉटेज में बने मेडिटेशन रूम में सहज राजयोग, ध्यान का अभ्यास किया। मेडिटेशन करने के बाद उन्होंने संगठन की संयुक्त मुख्य प्रशासिका डॉ. निर्मला दीदी से ईश्वरीय महावाक्यों का श्रवण किया। जिसके बाद ज्ञान सरोवर परिसर में नियमित आयोजित होने वाली प्रात: कालीन सभा में शामिल हुई।

राष्ट्रपति ने जीवन में आई चुनौतियों से सीखकर आगे बढऩे के अनुभव किए साझा

राष्ट्रपति मुर्मू ने संगठन की ओर से प्रशिक्षित सहज राजयोग के अभ्यास से उनके जीवन में आए परिवर्तन तथा तनावमुक्त वैचारिक धरातल उत्पन्न होने के अनुभव सभा में उपस्थित श्रद्धालुओं से साझा किए। उन्होंने कहा कि सतकर्मों से ही श्रेष्ठ भाग्य का निर्माण होता है। जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन संघर्ष से समझौता नहीं करना चाहिए। भगवान को अपना साथी बनाने से जीवन में आने वाली विकटतम परिस्थितियों को सहज ही पार किया जा सकता है। कभी अपनी जिम्मेवारियों का अहंकार नहीं आना चाहिए। कर्तव्यों के प्रति समर्पण भाव रखना चाहिए।

उन्होंने अपने जीवन में आई चुनौतियों से सीखकर आगे बढऩे के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में कुछ भी असंभव नहीं है। उन्होंने महसूस किया कि मुश्किलों के दौर में परमात्मा हर एक की मदद करता है। कभी भी अकेले नहीं छोड़ता बशर्ते सर्वशक्तिमान परमात्मा पर अटूट विश्वास अटल निश्चय बना रहे। हर समय परमपिता परमात्मा का साथ और वरदानी हाथ अपने सिर पर अनुभव करते रहने से जीवन में आने वाली कठिनाइयों का सुगमतापूर्वक समाधान मिलता है। जिसका उन्हें अपने दैनिक जीवन में एक नहीं अनेकों अनुभव प्राप्त हैं।

राष्ट्रपति का पांडव भवन पहुंचने पर हुआ स्वागत

राष्ट्र्रपति मुर्मू करीब दस बजे ज्ञान सरोवर से रवाना होकर ब्रह्माकुमारीज संगठन के अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय पाण्डव भवन में पहुंची। मुख्यालय परिसर पहुंचने पर संगठन की संयुक्त मुख्य प्रशासिका बीके शशिप्रभा, वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षिका बीके शीलू बहन, प्रबंधक बीके अवतार ने उनकी अगवानी की।

ब्रह्माबाबा समाधि स्थल पर अर्पित किया पुष्पचक्र

राष्ट्रपति मुुर्मू ने संगठन के संस्थापक प्रजापिता ब्रह्माबाबा के समाधिस्थल शांति स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की। राष्ट्रपति मुर्मू ने संगठन के संस्थापक ब्रह्मा बाबा की तपस्या स्थली कुटिया, बाबा का ध्यान कक्ष, ऐतिहासिक सभागृह का बारीकी से अवलोकन किया। बाबा की समाधि शांति स्तम्भ पर मानवीय कल्याण को अंकित महावाक्यों का अध्ययन कर दो मिनट मौन रहकर ध्यान योग किया।

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

राष्ट्रपति मुर्मू पांडव भवन में अवलोकन के बाद ज्ञान सरोवर पहुंची। जहां अकादमी परिसर में पीस कॉटेज के सामने पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदि विभिन्न अतिविशिष्ट लोगों की ओर से लगाए गए पौधे, जो आज वृक्ष का रूप धारण कर चुके हैं, उनके समीप ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन व लंबी आयु के लिए स्वच्छ पर्यावरण की नितांत आवश्यकता है। जिसके लिए लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होना चाहिए। पेड़ पौधों के अभाव में जहां सुंदर वसुधा सौंदर्यविहीन होती जा रही हैं, वहीं ओजोन की परत में निरंतर हो रही वृद्धि से उत्पन्न उष्णता से मानवीय ही नहीं अपितु समूचे प्राणी जगत को होने वाले नुकसान से बचाने के लिए आगामी पीढ़ी को पौधारोपण के लिए हर सूरत में प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर संगठन के कार्यकारी सचिव बीके मृत्युंजय ने संस्थान की सामाजिक सेवाओं के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्ष संस्था की ओर से देशभर में कल्पतरू अभियान शुरू किया था। जिसके तहत लाखों पौधे रोपकर उनकी सार संभाल की जा रही है।

यह रहे मौजूद

इस मौके पर राज्य के शिक्षा मंत्री बी डी कल्ला, सचिव राजेश वर्मा, प्रेजीडेंट के मिलट्री सचिव मेजर जनरल आर.एस. मनराल, प्रेस सचिव अजय कुमार, अतिरिक्त प्रेस सचिव विजय कुमार नायक, कैप्टन (आईएन) आर.एस. रंधावा, निजी सचिव संपदा मेहता, फिजिशियन डॉ. समीक्षा जैन, जिला परिषद अधिकारी डाॅ टी शुभमंगला, जिला कलक्टर डाॅ भंवर लाल, संस्था के मल्टी मीडिया चीफ बीके करूणा, बीके मोहन सिंहल समेत बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य व अधिकारीगण मौजूद थे।



Source: Sirohi News