गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों के बीच घर-घर विराजे गजानन

सिरोही. जिलेभर में गणेश चतुर्थी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। शहर में जगह-जगह पांडालों में भगवान गणपति की अलग-अलग मुद्राओं में मूर्तियां स्थापित की गई। सुबह से ही श्रद्धालु तैयारियों में जुटे रहे। बुधवार को शुभ मुहूर्त में विभिन्न जगहों पर सजे पांडालों व घरों में गणपति की स्थापना की गई। पर्यावरण प्रेमी व जागरूक लोगों ने मिट्टी से बनी प्रतिमाओं की विधि-विधान से पूजा कर स्थापना की। भगवान गणेश को लड्डुओं का भोग धरा गया। दोपहर बाद शहर के विभिन्न मंडलों व गली-मोहल्लों में स्थापित भगवान गणपति की प्रतिमाओं को शोभायात्रा की शक्ल में शहर का भ्रमण करवाया गया। विभिन्न जगहों पर झांकियों में भगवान गणपति अलग-अलग मुद्राओं में विराजमान किए गए। बुधवार से शुरू हुए गणेशोत्सव की धूम अनंत चतुर्दशी तक रहेगी।

शहर में निकाली शोभायात्रा

पूरे शहर में करीब 60 से ज्यादा जगहों पर गणपति की स्थापना की गई है। इसको लेकर आकर्षक और भव्य पांडाल सजाए गए हैं। इसके अलावा मुख्य बाजारों में भी जोरदार सजावट की गई है। बुधवार दोपहर बाद शहर में निकली शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने प्रथम पूज्य के दर्शन कर खुशहाली की कामना की और पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा सदर बाजार स्थित खारी बावड़ी गणेश मंदिर से पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई, जिसमें एक-एक करके शहर के सभी मोहल्लों की गणेश प्रतिमाएं शामिल होती गईं। शोभायात्रा सदर बाजार, चारभुजा मंदिर, सिनेमा रोड, बग्गीखाना, घांचीवाड़ा होते हुए सारणेश्वर दरवाजा पहुंची। इसके बाद मोचीवाड़ा, छीपाओली होते हुए शोभायात्रा सुभाष पार्क पहुंची। वहां से सरजावाव गेट, चारभुजा मंदिर होते हुए खारी बावड़ी गणेश मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में रूई के गजानन की प्रतिमा पर मुकुट और पीछे लम्बे बाल मनमोहक लग रहे थे।

अलग-अलग मुद्राओं मेंं विराजित गणेश

शहर के विभिन्न स्थानों पर गणेश चतुर्थी पर गणपति की विभिन्न मुद्राओं में स्थापना की गई है। दस दिन तक गणेशोत्सव की धूम रहेगी। 9 सितम्बर को प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। इस बार मिट्टी के गणेशजी की डिमांड खासी रही।

रोहिड़ा. कस्बे के गणपति मंदिर में बुधवार को गणेश चतुर्थी पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। आयोजन समिति के रमेशभाई दवे ने बताया कि यजमान परिवार ने यज्ञ में एक हजार एक सौ एक लड्डुओं की आहुतियां देकर यज्ञ की पुर्णाहुति की। गणेशजी को छप्पन भोग लगाया गया। महापूजा के साथ महाप्रसादी वितरित की गई।

कैलाश नगर. कस्बे सहित आसपास के गावों में गणेश चतुर्थी को लेकर लोगों में उत्साह नजर आया। युवाओं ने गांव में जगह-जगह गणेश प्रतिमाएं स्थापित की। गांव के सांवलाजी मंदिर से गणेश भगवान की पालकी निकाली गई। जो गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस मौके पर श्रवण सिंह देवड़ा, विक्रमसिंह, लाखसिंह डिंगारसा, भंवरसिंह डिंगारसा, मुकेश रावल, मनोज रावल, प्रकाश सेन, नारायण सुथार, जेठाराम सुथार समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

शिवगंज. आंनद बाल विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में गणेश चतुर्थी पर चित्रकला व रंग भरो प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए पेन्सिल आर्ट से गणेश भगवान का चित्र बनाने व कक्षा छठी से बारहवीं के लिए मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसी प्रकार नर्सरी से दूसरी के लिए रंग भरो प्रतियोगिता रखी गई। संस्था निदेशक जैनेन्द्रकुमार अग्रवाल ने छात्रों को अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

माउंट आबू. गणेश चतुर्थी का पर्व बुधवार को समूचे शहर में परम्परागत उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया। गणेशोत्सव के तहत गणपति की प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर शहरवासियों में काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह शुभ मुहूर्त में तैयारियां आरम्भ कर दी गई और करीब ढाई दर्जन स्थानों पर गणपति की स्थापना की गई। देर रात वाले मुहूर्त में भी कई स्थानों पर गणपति की स्थापना की गई। गणपति महोत्सव को लेकर सबसे पहले एमके सर्किल के पास धड़ाधड़ महादेव मंदिर में गणपति की स्थापना की गई। पांच दिन तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में महाआरती, परिक्रमा, शोभायात्रा सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्री गणपति महोत्सव समिति के अध्यक्ष देवेंद्र जानी ने बताया कि इस वर्ष गणपति का विसर्जन सनसेट पॉइंट पार्किंग के पास स्थित कमला नेहरू पार्क के पीछे छोटी लेक में 4 सितम्बर को किया जाएगा। इससे पूर्व दो साल कोरोना काल के कारण गणपति की स्थापना नहीं की गई थी। जबकि, इससे पहले हर साल नक्की लेक में गणपति का विसर्जन किया जाता था।



Source: Sirohi News