जावाल में आयोजित आत्मरक्षा शिविर में 60 शिक्षिका ले रही हैं प्रशिक्षण, 23 को होगा समापन…

जावाल. मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा विभाग सिरोही के तत्वावधान में आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जावाल में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा एवं मार्शल आर्ट प्रशिक्षण चल रहा है।
शिविर प्रभारी एवं एसीबीईओ दीपक गहलोत ने बताया कि शिविर 23 दिसंबर तक चलेगा। प्रशिक्षण में महिला शिक्षिकाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से करीब 6 0 शिक्षिका भाग ले रही हैं। इन्हें कालन्द्री बालिका स्कूल की शारीरिक शिक्षक गीता कुकरेजा, सिरोही बालिका स्कूल से हेमलता रावल, बादाम जाट एवं कैलाश चौधरी प्रशिक्षण दे रही हैं। शिक्षिका विद्यालय में जाकर छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगी। एसीईओ आनंदराज ने सम्बलन प्रदान किया। सहप्रभारी कमलेश ओझा, रजिस्ट्रेशन के लिए सुल्तान सिंह को आदेशित किया गया।

आबूरोड. राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद जयपुर के निर्देश पर शिक्षा विभाग की ओर से शहर के दरबार स्कूल में रविवार को ब्लॉक की महिला शारीरिक शिक्षिकाओं व महिला कार्मिकों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आगाज हुआ। दस दिवसीय शिविर में महिला शिक्षिकाओं को कराटे, शरीर के नाजुक अंगों, विभिन्न फॉल (गिरने) की जानकारी दी गई। नोक, लॉक, हैण्ड मूवमेंट, बचाव के तरीके आदि की जानकारी दी जाएगी। बाल अधिकार अधिनियम, गुड व बेड टच, महिला सुरक्षा सम्बंधित चर्चा जेंडर समानता व सशक्तीकरण, किशोरावस्था का पोषण, बालिका के लिए प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के उद्घाटन में सीबीईओ दलपतराज पुरोहित ने शिक्षिकाओं को बताया कि पूर्ण अनुशासन में रहकर समय पर उपस्थित होकर यह टे्रनिंग लें व फिर विद्यालयों में जाकर बालिकाओं को प्रदान करें। एसीबीईओ प्रभुदयाल मीणा ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में यह प्रशिक्षण महिलाओं/बालिकाओं के लिए आवश्यक हैं। कंचन, अशोक धायल प्रशिक्षण दे रही हैं। प्रभारी क्रांति राठौड़ समेत कई शिक्षिकाएं मौजूद थीं।



Source: Sirohi News