10 फरवरी को शांतिवन आएंगे मुख्यमंत्री, स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम को करेंगे संबोधित

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 10 फरवरी को सिरोही जिले के आबूरोड का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री यहां भारतीय मजदूर संघ के 25वें त्रैमासिक अधिवेशन में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही ब्रह्माकुमारी संस्थान के मुख्यालय शांतिवन में आयोजित स्वर्णिम राजस्थान कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री भाग लेंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद भजनलाल शर्मा पहली बार आबूरोड आ रहे हैं। सीएम शर्मा कार्यक्रम में संस्थान की ओर से चलाए जा रहे जल जन अभियान, गोकुल गांव- सर्वांगीण विकास अभियान व श्री अन्न मिलेट्स अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से तैयारियों का दौर जारी है।

अधिकारियों ने की विशेष तैयारी
वहीं प्रशासनिक अधिकारी दौरा कर व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यकारी सचिव बीके डॉ. मृत्युंजय ने बताया कि मुख्यमंत्री 10 बजे आबूरोड हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे, जहां से सड़क मार्ग द्वारा शांतिवन आएंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके पहली बार शांतिवन आगमन पर स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। वहीं डायमंड हॉल के पीछे एक्सपो लगाई जाएगी। इसमें संस्थान की ओर से अलग-अलग देशव्यापी अभियानों के माध्यम से की जा रही सेवाओं की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके अलावा आनंद सरोवर में आयोजित भामसं के अधिवेशन का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में भामसं के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र सिंह डाबी, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष केपीसिंह, क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम आदि मौजूद रहेंगे।

एक्सपो में रहेगी विभिन्न विंग की प्रदर्शनी
एक्सपो में संस्थान के विभिन्न विंग की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मेडिकल विंग के तत्वावधान में मार्च-2023 से देशव्यापी नशामुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक देश के 28 राज्यों में सात हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अभियान के तहत राजस्थान सहित देश के अन्य प्रदेशों में की गई सेवाओं की झलक दिखाई जाएगी। कृषि एवं ग्राम विकास प्रभाग द्वारा राजस्थान सहित देश के अन्य प्रदेशों में गोकुल गांव-सर्वांगीण विकास अभियान चलाया जाएगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे।

सीएम करेंगे सेवा कार्यों का शुभारंभ
अभियान के तहत गांवों में ग्रामीणों को स्वच्छता से लेकर जैविक-यौगिक खेती, जैविक खाद निर्माण, नशामुक्ति, स्वस्थ जीवन शैली, मानसिक स्वास्थ्य, राजयोग मेडिटेशन को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांवों के सर्वांगीण विकास का रोडमेप तैयार किया जाएगा। एक्सपो में प्रभाग द्वारा किसानों के लिए की जा रही सेवाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। संस्थान द्वारा जल संरक्षण और प्राचीन कुआं, बावड़ी, तालाब के जीर्णोद्धार, संरक्षण के लिए चलाए जा रहे जल जन अभियान के तहत नए सेवा कार्यों का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।

श्रीअन्न मिलेट्स अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में श्रीअन्न (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक संस्थाओं से लेकर सरकारी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए ब्रह्माकुमारी संस्थान ने भी श्रीअन्न के उपयोग के बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना बनाई है। इसके तहत श्रीअन्न मिलेट्स अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत लोगों को प्रैक्टिकल में श्रीअन्न से बने व्यंजन बनाना सिखाया जाएगा। उन्हें श्रीअन्न का महत्व समझाया जाएगा। अभियान को लेकर भी एक्सपो में प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया
उधर, मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र साम्बरिया के नेतृत्व में मानपुर हवाई पट्टी पर पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अध्यक्ष साम्बरिया ने बताया कि कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से जारी है। मुख्यमंत्री से आबूरोड अस्पताल को जिला अस्पताल बनाने, मानपुर पट्टी को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए स्वीकृति प्रदान करने समेत क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Rajasthan Politics : भजनलाल सरकार के बजट के दिन सदन से क्यों ‘गायब’ रहे गहलोत-पायलट-वसुंधरा? जानें बड़ी वजह

भाजपा महामंत्री दिनेश सेन, गणेश आचार्य, मण्डल उपाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजन वशिष्ठ, युवामोर्चा अध्यक्ष दिपेश अग्रवाल, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष राजीव मारू, पार्षद अमरसिंह आदि मौजूद थे। प्रशासन के स्तर पर भी मानपुर हवाई पट्टी व हवाई पट्टी से लेकर तलहटी तक मुख्य मार्ग पर व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जा रही है। आकराभट्टा में गत कई दिनों से जारी सीवरेज कार्य वाले स्थान पर बने गड्ढों को भरवाकर रोड निर्माण करवाया जा रहा है। वहीं आकराभट्टा से तलहटी तक सड़क के दोनों तरफ झाडियों आदि को हटवाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Rajasthan Budget 2024 : भजनलाल सरकार के बजट पर टीकाराम जूली का बड़ा बयान, ‘डबल इंजन’ को लेकर लगा डाला ये आरोप



Source: Sirohi News