प्रसिद्ध यात्राधाम अम्बाजी को विश्व का सबसे बड़ा शक्तिपीठ बनाने की तैयारी

राजस्थान बॉर्डर के समीप गुजरात के प्रसिद्ध यात्राधाम अम्बाजी को केंद्र व राज्य सरकार विश्व का सबसे बड़ा शक्तिपीठ बनाने की तैयारी कर रही है। अम्बाजी में गुजरात व केंद्र सरकार की ओर से करोडों की लागत से विभिन्न प्रोजेक्ट के तहत विकास कार्य करवाए जाएंगे। इनमें अम्बाजी शहर के विकास के साथ ही अम्बाजी मंदिर में जय मां कोरिडोर बनाया जाएगा। करीब 2 हजार करोड़ के बजट से तैयार प्रोजेक्ट में केंद्र व राज्य सरकार अम्बाजी को विश्व का सबसे बड़ा शक्तिपीठ बनाने की तैयारी कर रही है।

पौराणिक थीम पर करेंगे विकास, बनाएंगे जय मां कोरिडोर

अम्बाजी मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन व बनासकांठा जिला कलक्टर वरुण बरनवाल ने अम्बाजी मंदिर मीडिया को बताया कि अम्बाजी की ऐतिहासिक धरोहर को संजोते हुए पौराणिक थीम पर विकास किया जाएगा। इसमें देश के बड़े मंदिरों में बनाए जा रहे कोरिडोर की तर्ज पर जय मां कोरिडोर बनाया जाएगा।

2 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट तैयार

देश में शहरों के अंतराष्ट्रीय स्तर पर विकास करवाने के लिए केंद्र सरकार ने कई शहरों का चयन किया था। 15वें फाइनेंस कमीशन में न्यू सिटीज इनिशिएटिव्ज योजना अमल में ली जा रही है। अम्बाजी में हर वर्ष बढ़ रही भक्तों की संख्या को देखते हुए करीब 2 हजार करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट तैयार किए हैं। इसमें अम्बाजी के मुख्य मंदिर, गब्बर, 51 शक्तिपीठ व रेलवे स्टेशन के साथ ही अम्बाजी शहर में सीवरेज व पानी की व्यवस्था के कार्य आगामी कुछ समय में शुरू किए जाएंगे।

अहमदाबाद व सूरत की तर्ज पर होगा अम्बाजी का विकास

अम्बाजी का डेवलपमेंट प्लान तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति के बाद 6 टीपी स्कीम में अहमदाबाद, सूरत शहर की तर्ज पर अम्बाजी व आसपास के क्षेत्र का विकास किया जाएगा। केंद्र सरकार ने राज्यों से 12 शहरों के विकास के लिए विभिन्न राज्यों से प्रस्ताव मांगे थे। जिसमें गुजरात ने अम्बाजी व गिफ्ट सिटी दो शहरों के प्रस्ताव भेजे हैं।



Source: Sirohi News