'राजस्थान में बड़े नेताओं को खत्म कर रही भाजपा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया को झुनझुना पकड़ाया'

पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क/सिरोही। Rajasthan Politics: विधानसभा में उपमुख्य सचेतक व जिले के प्रभारी मंत्री महेन्द्र चौधरी सोमवार को सिरोही के दौरे पर रहे। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मानहानि मामले में लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के मामले केन्द्र सरकार पर हमला बोला। साथ ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को लेकर कहा, भाजपा धीरे धीरे दिल्ली व राजस्थान में बड़े-बड़े नेताओं को खत्म कर रही है।

यह भी पढ़ें : क्या आप BJP के सीएम फेस होंगे? जानिए सवाल पर क्या बोले राजेंद्र राठौड़

गांवों में रहने वाले 70 प्रतिशत किसानों के साथ अन्याय:
चौधरी ने कहा कि भाजपा ने सतीश पूनिया को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाकर गांवों में रहने वाले 70 प्रतिशत किसानों के साथ अन्याय किया है। सतीश पूनिया ने क्या-क्या कार्य नहीं किए। बहुत कुछ किया फिर भी उनको हटा दिया। चौधरी ने कहा कि सतीश पूनिया को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाकर उप नेता बना दिया। विधानसभा में मुख्य सचेतक होता है, उपमुख्य सचेतक होता है, लेकिन प्रतिपक्ष उपनेता क्या होता है।

 

प्रतिपक्ष नेता के पास भी केबिनेट मंत्री का दर्जा होता है। उपनेता तो कुछ नहीं होता है। अब तक राजेन्द्र राठौड़ इस पद को लिए घूम रहे थे, अब वह उपनेता का झुन्झुना पूनिया को पकड़ा दिया। प्रदेशाध्यक्ष रहे नेता को उपनेता बना दिया। अब कितने दिन की विधानसभा रही है। जब प्रतिपक्ष नेता ही राजेन्द्र राठौड़ बन गए तो उनको कौन पूछेगा। उनको बहुत नीचे लाया गया है।

photo1680593812.jpeg

 

 

राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबराए मोदी
चौधरी ने कहा कि एक साल के भीतर कई प्रदेशों में चुनाव होने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी को सबसे ज्यादा खतरा राहुल गांधी से है। राहुल गांधी की लोकप्रियता दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। जिस प्रकार राहुल गांधी ने चार हजार किलोमीटर की यात्रा की, उससे मोदी घबरा गए हैं। उनके राजनीतिक दल व पार्टी घबरा गई। राहुल गांधी की यात्रा ने जब राजस्थान में प्रवेश किया तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता बॉर्डर पर उपस्थित थे। लगातार 18 दिन तक राहुल गांधी के साथ चलते रहे। इसलिए राहुल गांधी को निशाना बनाया गया है। प्रभारी मंत्री चौधरी ने कहा कि जिन युवाओं को मोदी ने गुमराह कर देश में सरकार बनाई वो खाली जुमले थे।

यह भी पढ़ें : सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पत्र, खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना की धमकी के बाद डीएफओ ने मांगी सुरक्षा!

 

युवाओं को रोजगार देने का आश्वासन दिया, लोगों के खाते में 15 लाख डालने, किसानों की आमदनी दोगुनी- चौगुनी करने के आश्वासन दिए, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। चौधरी ने कहा कि भाजपा का सर्वे हुआ है, जिसमें यह पता चला कि राहुल गांधी की लोकप्रियता इतनी जबरदस्त हासिल हो रही है कि आने वाले समय में वो टक्कर देंगे और देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। राहुल गांधी की सदस्यता खत्म करने का जो फैसला लिया है वो इनके लिए आत्मघाती फैसला होगा। कांग्रेस पार्टी कानून में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कटाक्ष चलते हैं। यदि इन्हीं बातों के आधार पर मुकदमे करना शुरू करोगे तो राजस्थान में भी भाजपा नेताओं पर कई मुकदमे दर्ज हो जाएंगे। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसको लेकर सत्याग्रह कर रही है। मोदी और अडाणी की दोस्ती का खुलासा राहुल ने फोटो दिखाकर किया। इससे भी मोदी घबराए हुए हैं।



Source: Sirohi News