राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर माउंट आबू पहुंची, ब्रह्माकुमारी संस्थान में सम्मेलन का किया उद्घाटन

President Draupadi Murmu reached Mount Abu on a two-day visitआबूरोड/सिरोही। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजस्थान के दो दिवसीय दौरे के तहत मंगलवार शाम को सिरोही जिले के आबूरोड शहर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान के अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय शांतिवन में पहुंची। राष्ट्रपति उदयपुर से मंगलवार शाम 4.50 बजे विशेष विमान से मानपुर हवाई पट्टी पहुंची। यहां से राष्ट्रपति का काफिला सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के बीच ब्रह्माकुमारी संस्थान पहुंचा। यहां राष्ट्रपति ने आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर अभियान के तहत आध्यात्मिक सशक्तिकरण से स्वर्णिम भारत का उदय सम्मेलन का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि युद्ध और कलह के वातावरण में विश्व समुदाय समाधान के लिए भारत की ओर देख रहा है। आज हमारा देश अपनी रक्षा के साथ पूरे विश्व में शांति के लिए प्रयास कर रहा है। भारत दुनिया में अग्रदूत की भूमिका निभा रहा है। माउंट आबू से शुरू हुआ ये अभियान सभी देशवासियों को सशक्त बनाने और समाज को सशक्त बनाने में संबल प्रदान करेगा। प्रत्येक मनुष्य मानसिक शांति के लिए प्रयास कर रहे हैं, चाहे वो किसी देश, जाति, संप्रदाय के हों। शांति भी भोजन-पानी की तरह आवश्यक है। संस्थान इसी क्षेत्र में कार्य कर शांति-आनंद के लिए मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत इस समय जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है, जिसकी थीम है वसुधैव कुटुम्बकम यानी वन अर्थ वन फैमिली, वन फ्यूचर। अपनी संस्कृति के आधार पर हमारा देश आध्यात्मिक व नैतिकता के निर्माण के लिए सक्रिय है।

महिला अत्याचार की घटनाओं पर जताई चिंता

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि कलयुग अब ज्यादा हो गया है। हमें कलयुग की मानसिकता को खत्म करना होगा। हमें प्रयास कर मन में सदगुणों को अपनाते हुए आगे बढ़ना होगा। राष्ट्रपति ने देश में हो रही महिला अत्याचार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि देश में बेटियों पर अत्याचार की जो भी घटनाएं हो रही है। बहनें ही शक्ति बनकर आगे आएं और लोगों के अंदर सतगुणों को जागरूक करें। बहनें ही स्नेह, प्रेम, आत्मयीता से लोगों के भीतर जो गलत भावनाएं है, उसे खत्म करने का कार्य करेगी। लोगों के मन में आध्यात्मिक भाव जागृत हो रहा है। वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं, जब हम आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनेंगे।

राष्ट्रपति ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान के संस्थापकों ने महिलाओं को पूरे विश्व में शांति व शक्ति प्रदान करने के लिए कलश देने का कार्य किया है। संस्थान के विभिन्न सेवा केन्द्रों पर जो आध्यात्म शक्ति प्राप्त होती है, उसका ज्वलंत उदाहरण यह है कि एक समय में वह स्वयं अंधकारमय जीवन की ओर अग्रसर हो गई थी। जिस पर मेडिटेशन व ध्यान योग के माध्यम से मुख्यधारा में लौटी। उन्होंने कहा कि विश्व में कई संस्थान कार्यरत है, लेकिन ब्रह्माकुमारीज एक ऐसा संस्थान है, जो बहनें चलाती है। भाइयों का भी इसमें सहयोग रहता है। संस्थान की सफलता यह सिद्ध करती है कि अवसर मिलने पर महिलाएं, पुरुषों के समान व उनसे बेहतर कार्य कर सकती है।

उन्होंने आध्यात्म व पर्यावरण संरक्षण के बीच के संबंध को समझाते हुए कहा कि आध्यात्म ही वह प्रकाश पुंज है, जो पूरी दुनिया को रास्ता दिखा सकता है। हमें विज्ञान व आध्यात्म दोनों का उपयोग करना होगा। अब जलवायु परिवर्तन से हमारे अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। पर्यावरण व आध्यात्म का परस्पर संबंध है। सदियों से भारत में पेड़ों -पहाडों आदि की पूजा की जाती रही है। पर्यावरण संरक्षण भी आध्यात्मिक सशक्तिकरण है।

ब्रह्माकुमारी संस्थान की संयुक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मुन्नी, अतिरिक्त महासचिव बीके बृजमोहन, बीके करूणा, बीके मृत्युंजय, बीके सुषमा ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया। संस्थान के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति का माला पहनाकर व स्मृति भेंटकर अभिनंदन किया।

इंदौर के शक्ति सरोवर में ऑडिटोरियम का वर्चुअल शिलान्यास किया
इस दौरान राष्ट्रपति ने संस्थान के इंदौर में शक्ति सरोवर में ऑडिटोरियम का शिलान्यास किया एवं सिकंदराबाद में रिट्रीट सेंटर का वर्चुअल तरीके से उद्घाटन किया। इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने संस्थान की पूर्व मुखिया दादी हृदयमोहिनी के अव्यक्तलोक पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

हवाई पट्टी पर राष्ट्रपति का किया स्वागत
उदयपुर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार शाम 4.50 बजे विशेष विमान से मानपुर हवाई पट्टी पर पहुंची। इस दौरान राज्य के शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला, श्रम मंत्री सुखराम विश्नोई, सांसद देवजी पटेल, मुख्यमंत्री सलाहकार, विधायक संयम लोढ़ा, सम्भागीय आयुक्त कैलाशचंद्र मीणा व आईजी पी. रामजी ने स्वागत किया। जिला कलक्टर डॉ. भंवरलाल, एसपी ममता गुप्ता, रेवदर विधायक जगसीराम कोली, आबू पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया, नितिन बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित, नगर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र साम्बरिया समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।



Source: Sirohi News