भाजपा में खलबली: पार्टी के खिलाफ काम करने वालों को ही बड़ी जिम्मेदारी देने का नतीजा है अविश्वास प्रस्ताव

सिरोही. पिण्डवाड़ा पालिकाध्यक्ष जितेन्द्र प्रजापत के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश होने के बाद गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मैसेज ने भाजपा में जोरदार खलबली मचा दी। दरअसल इस मैसेज में भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित को व्यंगात्मक शैली में बधाई देते हुए जोरदार तंज कसा गया है। ताज्जुब की बात तो यह है कि बधाई के रूप में यह तंज भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष हेमन्त पुरोहित ने कसा है। मैसेज में उन्होंने बगैर किसी लाग लपेट के स्पष्ट रूप से कह दिया कि सिरोही भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिन लोगों को संगठन में महत्वपूर्ण पद से नवाजा, उन्हीं पदाधिकारियों ने पिण्डवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है।

मैसेज में उन्होंने उन पदाधिकारियों का बकायदा परिचय दिया है। मैसेज में कैलाश रावल को व्यंगात्मक शैली में जिला मुख्यालय का भाजपा मंडल प्रभारी बताते हुए कहा गया है कि इन्होंने दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव लाने में अहम भूमिका निभाई। ऐसे शख्स सिरोही शहर को संगठनात्मक लिहाज से किस तरह से सुदृढ़ बनाते। दूसरे नाम में चम्पत मेवाडा का जिक्र किया गया है। जिन्हें भाजपा नगर निकाय का जिला संयोजक बताते हुए कहा गया है कि इन पर बड़ी जिम्मेदारी है और ये अविश्वास प्रस्ताव पेश कर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। तीसरा नाम सुरेन्द्र मेवाड़ा का है जो सर्मपण निधि के पिण्डवाड़ा नगर संयोजक बताए गए हैं। इन्हें हाल ही में माउंट आबू में आयोजित प्रदेश भाजपा प्रशिक्षण में व्यवस्थापक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष पुरोहित को निशाने पर लेते हुए कहा आपने इन्हें जिन पदों पर आसीन किया है, ये पार्टी की रीति-नीति के खिलाफ काम कर रहे हैं। भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष ने पिण्डवाड़ा पालिका अध्यक्ष को पाक-साफ बताते हुए कहा कि इन पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है। उन्होंने प्रश्न किया कि ऐसी स्थिति में ये सभी पदाधिकारी अपने फायदे के लिए संगठन की रीति-नीति के खिलाफ जाने का कार्य क्यों कर रहे हैं।

इनका कहना ….

जो मैसेज वायरल हो रहा है वह मैंने ही जारी किया है। मैंने भाजपा के जिला अध्यक्ष नारायण पुरोहित से सवाल पूछा है कि जिस व्यक्ति ने भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ पार्षद का चुनाव लड़ा हो, उन्हें आपने किस आधार पर संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दे दी। आज वे ही लोग अविश्वास प्रस्ताव पेश कर रहे हैं। इसका जवाब उन्हें देना होगा।

– हेमन्त पुरोहित, पूर्व जिलाध्यक्ष, भाजयुमो, सिरोही

…………………

पिण्डवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष को लेकर अविश्वास प्रस्ताव पेश करने में जिनकी भूमिका संदिग्ध है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

– नारायण पुरोहित, जिलाध्यक्ष, भाजपा, सिरोही



Source: Sirohi News